SIROHI JALORE NEWS
SIROHI JALORE NEWS | राजस्थान के सभी जिले और गांव
सिरोही

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित 17 सितम्बर से प्रारम्भ होने वाले विकसित भारत जनसेवा अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की

प्रकाशित: 15-09-2026 02:58 PM   |   SIROHI JALORE NEWS
👁️ Views: 3
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित 17 सितम्बर से प्रारम्भ होने वाले विकसित भारत जनसेवा अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की
सिरोही, 15 सितम्बर। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल, विभिन्न योजनाएं तथा आगामी राज उन्नति की बैठक के एजेंडा बिन्दुओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी ये सुनिश्चित करें कि उनके स्तर पर लंबित प्रकरणों का त्वरित रूप से निस्तारण हो साथ ही अधीनस्थ स्तर पर जो प्रकरण लंबित है उनकी भी नियमित मॉनिटरिंग की जाए व प्राथमिकता से निस्तारण करते हुए आमजन को राहत पहुंचाई जाए।
जिला कलेक्टर तोमर ने आगामी राज उन्नति की बैठक से सम्बन्धित एजेंडा बिन्दुओं पर चर्चा की और बिन्दुवार समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को समस्त सूचनाएं अद्यतन करने और लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने की बात कही।
जिला कलेक्टर ने पानी एवं बिजली की सुचारू आपूर्ति तथा अस्पताल में मौसमी बीमारियों, स्नेक बाइटिंग सम्बन्धित उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संसाधनों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
जनसेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और वृहद स्तर पर हो कार्यक्रमों का आयोजन
जिला कलेक्टर ने आगामी जनसेवा अभियान मंे सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभिन्न गतिविधियां होंगी आयोजित
सेवा अभियान के तहत राज्य, जिला एवं स्थानीय स्तर पर निर्धारित कार्य योजना के अनुसार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के प्रथम चरण में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ तथा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत चित्रसेवा’ गतिविधि, ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत प्रेरणादायक सेवा कार्यों एवं समाजसेवा से जुड़ी कहानियों का जन-प्रसार किया जाएगा।
अभियान के आगामी चरण में 25 सितम्बर से ‘आंगन मिलन सेवा, प्रेरणा दायक, ‘सेवा की कहानी’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जन-प्रसार होगा। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, सेवा में योगदान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक श्रमदान संबंधित गतिविधियां सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चेलेंज सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे एवं सुशासन सेवा संवाद भी आयोजित होगा।
जन समस्याओं के समाधान को लेकर लगेंगे शिविर
सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत राज्य सरकार के सहयोग से विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। सेवा के रंग राष्ट्र के संग मंे एक निर्धारित दिवस पर रंगोली एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन होगा। सुशासन सेवा संवाद में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के संबंध में बैठक में कलक्टर ने सभी गतिविधियों के नियमानुसार सफल आयोजन के निर्देश दिए।
नागरिक भी निभा सकेंगे सक्रिय सहभागिता
विकसित भारत जनसेवा अभियान में नागरिक भी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता कर सकते हैं। नागरिक अपने द्वारा किए गए सेवा कार्य की जानकारी, फोटो एवं वीडियो सेवा संकल्प अभियान 2026 के पोर्टल के माध्यम से साझा कर सकेंगे। नागरिक मोबाईल नम्बर के माध्यम से पोर्टल पर प्रवेश कर सकेंगे और सत्यापन के बाद नागरिक अपने सेवा कार्य की जानकारी साझा कर सकेंगे। फोटो वीडियो अपलोड कर सकेंगे, पूर्व में साझा की गई गतिविधियों की स्थिति देख सकेंगे और मीडिया गैलेरी में प्रकाशित सामग्री देख सकेंगे। बैठक में डीएफओ अजीत उचोई, अति. जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, सीईओ दुर्गा शंकर मीणा सहित अन्य उपस्थित थे।  
💬 Comments (0)
आपका Comment पहले Admin द्वारा जांचा जाएगा। मंजूरी के बाद ही वेबसाइट पर दिखाई देगा।
अभी तक कोई Approved Comment नहीं है।